आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के आने के बाद से भारतीय कंपनियां में बेहतर सर्विस देने की होड़ मची है. प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियां जैसे जियो और एयरटेल अब AI प्लेटफॉर्म्स के साथ साझेदारी कर रही हैं, ताकि अपने यूजर्स को बेहतर और फ्री सर्विस प्रोवाइड कर सके. इससे यूजर्स को कई AI टूल्स को फ्री में यूज करने की सुविधा मिल पाएगी.
पिछले कुछ महीनों में भारत में तीन बड़ी कंपनियों ने एक के बाद एक कई बड़े ऐलान किए हैं. इसी साल जुलाई के महीने में एयरटेल ने Perplexity AI के साथ हाथ मिलाया और अपने तीन करोड़ से ज्यादा ग्राहकों को 12 महीने का Perplexity Pro सब्सक्रिप्शन फ्री दे दिया. वहीं, अब OpenAI ने ऐलान किया है कि कंपनी 4 नवंबर से एक साल तक भारत में ChatGPT Go प्लान फ्री कर देगी. इसके अलावा, Reliance Jio ने Google के साथ मिलकर अपने यूजर्स को 18 महीने का Google AI Pro (Gemini Pro) फ्री में देने का ऐलान किया है.
Jio का Google AI Pro प्लान
जियो का यह ऑफर यूजर्स के लिए काफी खास माना जा रहा है. इस प्लान की कीमत हर महीने करीब 1,950 रुपये है. यानी यूजर्स को लगभग 35,100 रुपये का फायदा मिलेगा. इस सब्सक्रिप्शन के साथ यूजर्स को Gemini 2.5 Pro मॉडल का एक्सेस मिलता है. इसके अलावा, सब्सक्रिप्शन में 2TB क्लाउड स्टोरेज, इमेज और वीडियो जनरेशन टूल्स (Veo 3.1 Fast) और Google Workspace (Gmail, Docs, Sheets आदि) के साथ इंटीग्रेशन भी शामिल हैं. हालांकि, यह ऑफर केवल 18 से 25 साल के जियो यूजर्स के लिए है, जिनके पास पहले से एक्टिव अनलिमिटेड 5जी प्लान मौजूद हैं.
Airtel का Perplexity Pro
दिग्गज टेलीकॉम कंपनी Airtel अपने यूजर्स को Perplexity Pro का सब्सक्रिप्शन फ्री ऑफर करती है. Perplexity Pro एक मल्टी-मॉडल AI सर्च इंजन है, जो यूजर्स को रियल टाइम साइटेशन, फाइल और इमेज अपलोड जैसी सुविधाएं देता है. यह ऑफर सभी एयरटेल यूजर्स के लिए मौजूद है, चाहे वे प्रीपेड हों, पोस्टपेड, ब्रॉडबैंड या DTH. अगर आपका काम रिसर्च, रिपोर्ट तैयार करना, या गहराई से डेटा एनालिसिस करना है तो ये ऑफर आपके लिए बेहतर साबित हो सकता है.
OpenAI का ChatGPT Go
अगर आप एक ऑलराउंडर AI असिस्टेंट चाहते हैं तो ChatGPT Go आपके लिए बेहतर साबित हो सकता है. यह प्लान पहले 399 रुपये प्रति माह में आता था, लेकिन अब यह भारत में एक साल तक फ्री रहेगा. यह प्लान आपको GPT-5 मॉडल का एक्सेस देता है, जिसमें इमेज जनरेशन, कोडिंग हेल्प, जनरल टास्क सपोर्ट और राइटिंग असिस्टेंट जैसे फीचर्स मिलेंगे. हालांकि, इसमें आपको कोई बड़े क्लाउड टूल्स नहीं मिलेंगे.
कौन-सा प्लान किसके लिए बेहतर?
जो यूजर्स केवल राइटिंग, चैटिंग या कोडिंग असिस्टेंस चाहते हैं, उनके लिए ChatGPT Go बेहतर ऑप्शन है. जो यूजर्स क्लाउड स्टोरेज या मीडिया क्रिएशन में दिलचस्पी रखते हैं, वे जियो के Google AI Pro विकल्प को चुन सकते हैं. वहीं, अगर आप स्टूडेंट, रिसर्चर या एनालिस्ट हैं और डेटा सर्च या नॉलेज बेस्ड AI टूल चाहिए तो Airtel का Perplexity Pro चुन सकते हैं.
FAQs
भारत में किन कंपनियों ने फ्री AI सब्सक्रिप्शन का ऐलान किया है?
भारत में Airtel, Reliance Jio और OpenAI ने फ्री AI सब्सक्रिप्शन ऑफर किए हैं. Airtel फ्री में दे रहा है Perplexity Pro, Jio दे रहा है Google AI Pro (Gemini Pro) और OpenAI दे रहा है ChatGPT Go.
Airtel का Perplexity Pro ऑफर क्या है?
Airtel अपने सभी यूजर्स को 12 महीने का Perplexity Pro सब्सक्रिप्शन फ्री में दे रहा है. यह एक AI सर्च इंजन है जो रियल टाइम साइटेशन, फाइल अपलोड और इमेज सर्च जैसी सुविधाएं देता है.
Jio का Google AI Pro प्लान किसके लिए उपलब्ध है?
Jio का Google AI Pro ऑफर केवल 18 से 25 वर्ष के उन यूजर्स के लिए है जिनके पास एक्टिव 5G अनलिमिटेड प्लान है. इसमें Gemini 2.5 Pro, 2TB क्लाउड स्टोरेज और AI मीडिया टूल्स मिलते हैं.
OpenAI का ChatGPT Go प्लान भारत में कब से फ्री होगा?
OpenAI ने घोषणा की है कि ChatGPT Go प्लान भारत में 4 नवंबर 2025 से एक साल तक फ्री रहेगा. इसमें GPT-5 मॉडल और सभी बेसिक AI फीचर्स मिलेंगे.
किस यूजर के लिए कौन-सा AI प्लान बेहतर है?
1. ChatGPT Go: राइटिंग, कोडिंग या चैटिंग करने वालों के लिए. 2. Jio Google AI Pro: मीडिया क्रिएशन और क्लाउड यूजर्स के लिए. 3. Airtel Perplexity Pro: रिसर्चर और एनालिस्ट के लिए सबसे अच्छा विकल्प है.
ये भी पढ़ें-







